होली से पहले आ पहुंची गर्मी, बढ़ने लगा तापमान, जैसलमेर में शुरू हुआ धूल भरी आंधियाें का दौर

मार्च माह शुरू होने से पहले ही मारवाड़ में गर्मी ने अपनी दस्तक दे दी है। दिन व रात का तापमान बढ़ना शुरू हो गया है। जोधपुर संभाग के अधिकांश स्थान पर दिन का तापमान 34 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं रात का तापमान भी बढ़कर 15 डिग्री के निकट पहुंच चुका है। वहीं जैसलमेर सहित कुछ स्थानों पर धूल भरी आंधी भी चलना शुरू हो गई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिन में पश्चिमी विक्षोभ के कारण हल्के बादल छा सकते है। इस कारण दिन के तापमान में थोड़ी बदलाव हो सकता है।


 
इस बार गर्मी ने अपनी दस्तक समय से पहले ही दे दी है। जिससे इस बार तेज गर्मी पड़ने की आशंका जताई जा रही है। अमूमन होली तक मौसम सर्द रहता है, लेकिन इस बार गर्मी कुछ दिन पहले से पड़ना शुरू हो गई है। सर्दी बिलकुल नदारद हो चुकी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार शहर की तरफ शुक्रवार को भी बादल बढ़ने की संभावना है, जिससे दिन का पारा कम होने की उम्मीद है, वहीं न्यूनतम तापमान में मामूली बदलाव की संभावना है। शहर में इसके बाद उत्तरी हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान में कमी आएगी। शहर का अधिकतम तापमान 33.6 व न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।



जैसलमेर में 35 पार पहुंचा पारा
जैसलमेर में पिछले दिनों से मौसम में हुए बदलाव के बाद गुरूवार को गर्मी का असर पूरी तरह से दिखाई दिया। गुरूवार को दिनभर चली धूल भरी आंधी ने आमजन को परेशान कर दिया। आंधियों का दौर शुरू होने के कारण तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। गुरूवार को अधिकतम तापमान 35.4 व न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।